रांची: बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल उस चर्चा में आ गई जब उनके खिलाफ एक अदालत ने गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया। रांची की एक अदालत ने यह गिरफ्तारी वारंट जारी किया है जिसके बाद अब रांची पुलिस अमीषा को गिरफ्तार करने के मुंबई जा सकती है।
बता दें कि ढाई करोड़ का एक चेक बाउंस होने के मामले में रांची की अदालत ने अमीषा पटेल के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है। रांची के एक फिल्म प्रोड्यूसर अजय कुमार सिंह ने 29 मार्च 2019 को अमीषा के खिलाफ ढाई करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज करवाया था। अमीषा पटेल पर आरोप है कि उसने अजय कुमार से देसी मैजिक फिल्म बनाने के लिए ढाई करोड़ रुपए उधार लिए थे। साल 2013 से इस फिल्म का काम शुरू हो गया था, लेकिन अभी तक यह फिल्म रिलीज नहीं हुई। अमीषा ने अजय से यह कहकर पैसे लिए थे कि फिल्म रिलीज होने के बाद उसके पैसे वापिस कर दिए जाएंगे, लेकिन फिल्म पूरी नहीं हुई और पैसे वापिस करने के नाम पर अमीषा पटेल टाल-मटोल करती रही। इसके बाद अजय ने कई बार अमीषा को पैसे वापिस करने के लिए कहा तो एक दिन अमीषा ने अजय को तीन करोड़ रुपए का चेक दे दिया, लेकिन यह चेक बाउंस हो गया। इसी मामले को लेकर अमीषा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला चल रहा था। इस दौरान भी अजय ने अमीषा से कई बार पैसे वापिस मांगे, लेकिन वह टाल-मटोल करती रही।
बताते चलें कि अमीषा पटेल इस समय बिग बॉस 13 के सीजन में दिखाई दे रही है। अमीषा ने साल 2000 में आई फिल्म कहो न प्यार है, से बॉलीवुड में अपना सफर शुरू किया था। इसके बाद अमीषा ने कई फिल्मों में काम किया जिनमें गदर-एक प्रेम कथा, क्या यही प्यार है, हमराज, हमको तुमसे प्यार है आदि फिल्में शामिल हैं।