चरखी दादरी: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए हरियाणा की पहलवान बबीता फोगाट ने अपना चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने बबीता फोगाट को चरखी दादरी विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है।
बता दें कि चरखी दादरी विधानसभा सीट से पिछले चार विधानसभा चुनाव में कोई भी पार्टी दूसरी बार जीत हासिल नहीं कर सकी है। इस सीट पर बबीता का मुकाबला जननायक जनता पार्टी के सतपाल सांगवान और कांग्रेस के निरपेंद्र सिंह सांगवान के साथ होगा। यह दोनों सीट पर जीत हासिल कर चुके हैं। बबीता फोगाट, उनके कोच और पिता महावीर फोगाट और बहन गीता फोगाट पर दगंल नाम की एक बॉलीवुड फिल्म बनी थी। इस फिल्म में फोगाट के संघर्ष को दिखाया गया था जिसके बबीता फोगाट की घर-घर में पहचान हो गई थी। कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाली बबीता फोगाट अपने चुनाव प्रचार के दौरान गांव-गांव में घूम रही है। बबीता ने कहा कि अब वह चुनाव के दंगल में उतरी है जिसके लिए उसे लोगों के प्यार और साथ की बहुत जरूरत है। अख्तियारपुरा गांग में चुनाव प्रचार के लिए गई बबीता का लोगों ने स्वागत किया।
बबीता ने कहा कि राजनीति तो उनके परिवार का ही एक भाग है। बबीता की मां और एक रिश्तेदार गांव के मुखिया रह चुके हैं। राजनीति लोगों की सेवा करने का सबसे अच्छा प्लेटफॉर्म है। यदि कोई सख्त मेहनत करता है तो लोग भी उसका साथ देते हैं। बबीता फोगाट उन खिलाड़ियों में शामिल है जिन्हें भारतीय जनता पार्टी ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए टिकट दी है। भाजपा ने बबीता को चरखी दादरी, पहलवान योगेश्वर दत्त को सोनीपत की बरोदा विधानसभा सीट और कुरूक्षेत्र की पेहोवा सीट से भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह को टिकट दी है। बबीता ने कहा कि वह खेलों की तरह राजनीति में भी अच्छा प्रदर्शन करेगी और राजनीति में आने के लिए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को उत्साहित करेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर ही बबीता भाजपा में शामिल हुई थी।
बतातें चलें कि चरखी दादरी विधानसभा सीट से कुल 17 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस सीट पर बबीता का मुकाबला सोमबीर के साथ भी है जो भाजपा के टिकट न देने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में हैं।