मुंबई: एक ट्रेन की चपेट में आने के कारण मुंबई के एक लखपति भिखारी की मौत हो गई। 82 वर्षीय बिरदीचंद पन्नारामजी आजाद नाम के इस भिखारी की गोवंडी इलाके में बनी झोपड़ी से 8.77 लाख रुपए की एफडी और 1.75 लाख रुपए के सिक्के मिले हैं। झोपड़ी की तलाशी लेते समय यह भी पता चला है कि इस भिखारी ने अपने बैंक खाते में 96 हजार रुपए के सिक्के भी जमा करवाए थे।
बता दें कि रेलवे पुलिस इस भिखारी के परिवार को ढूंढने के लिए उसकी झोपड़ी में गई थी और वहां उसकी इतनी संपत्ति के बारे में पता चला। पुलिस आजाद के बेटे से भी संपर्क करने की कोशिश कर रही है जो राजस्थान में रहता है। इस भिखारी का शव शुक्रवार की रात मनखुर्द और गोवंडी रेलवे स्टेशन की बीच के ट्रैक से मिला था।
पास के इलाकों में रहने वाले कुछ लोगों ने आजाद को पहचान लिया और बताया कि यह भिखारी ट्रेन में यात्रियों से भीख मांगता था। लोगों ने बताया कि यह अपनी झोपड़ी में अकेला रहता था और इसका कोई रिश्तेदार नहीं है। पुलिस जब इस झोपड़ी में तलाशी ले रही थी तो उसे एक डिब्बा मिला। इस डिब्बे में 1, 2, 5 और 10 रुपए के सिक्के पड़े थे। इस सिक्कों को गिनने के लिए पुलिस कर्मचारियों को करीब आठ घंटे का समय लग गया। इस झोपड़ी से पैन कार्ड़, आधार कार्ड़ और वरिष्ठ नागरिक का कार्ड भी मिला। यह सभी कार्ड आजाद के नाम पर थे। प्राप्त हुए इन दस्तावेजों के अनुसार आजाद के जन्म 27 फरवरी 1937 को हुआ था। आजाद राजस्थान के रामगढ़ का रहने वाला है और उसका एक बेटा है जिसका नाम सुखदेव है। आजाद ने अपने बैंक खातों में सुखदेव को नॉमिनी बनाया हुआ है।