नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भतीजी दमयंती बेन मोदी का पर्स छीनकर भागने वाले दो में एक व्यक्ति को पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया है जबकि दूसरे को दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से गिरफ्तार किया है।
बता दें शनिवार की सुबह स्कूटी पर सवार होकर आए दो व्यक्ति उस समय दमयंती को पर्स छीनकर भाग गए थे जब वह अपने परिवार के साथ नई दिल्ली से गुजराती समाज भवन तक ऑटो में सवार होकर आई थी। सिविल लाइन के सामने जैसे ही दमयंती ऑटो से बाहर निकली तो स्कूटी सवार दो व्यक्ति उनका पर्स छीनकर भाग गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनके पर्स में करीब 56 हजार रुपए, उनका मोबाइल और कुछ जरूरी कागजात थे।
लूट के इस मामले को हल करने के लिए पुलिस ने अपने 700 कर्मचारियों को लगाया था और पुलिस ने करीब 200 सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इस मामले में पुलिस ने दो व्यक्तियों की पहचान की थी। फुटेज में दिखाई दे रहा था कि बिना हेलमेट आए यह दोनों व्यक्ति महिला का पर्स छीनकर सुल्तानपुरी की ओर गए थे। इसके बाद पुलिस ने चोरी के इस मामले में शामिल 21 वर्षीय गौरव को हरियाणा को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया है। पर्स छीनने की घटना को अंजाम देने के बाद गौरव सोनीपत में रह रहे अपने रिश्तेदारों के घर आ गया था जबकि दूसरे व्यक्ति बादल को सुल्तानपुरी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनसे महिला का पर्स भी बरामद कर लिया है। गौरव ने दमयंती बेन मोदी के पर्स छीनने के अपराध को स्वीकार कर लिया है। दमयंती बेन मोदी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी की बेटी है।