चंडीगढ़: 21 अक्टूबर को होने वाले हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने अपने-अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। भारतीय जनता पार्टी ने इस चुनाव में खेल और सोशल मीडिया से जुडे लोगों को भी टिकट दी है जो पहली बार चुनाव लड़ेंगी।
भाजपा ने पहलवानी के खेल में देश और हरियाणा का नाम विश्व स्तर पर रोशन करने वाले बबीता फोगाट को टिकट दी है। बबीता फोगाट चरखी दादरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेगी। हरियाणा पुलिस से इस्तीफा देने के बाद बबीता कुछ समय पहले ही भाजपा में शामिल हुई थी।
इसी तरह भाजपा ने सोशल मीडिया स्टार सोनाली फोगाट को भी टिकट दी है। टिकटॉक पर सोनाली फोगाट काफी प्रसिद्ध है और लाखों फॉलोवर्स हैं। सोनाली टीवी के कई सीरियल्स में भी काम कर चुकी है। सोनाली फोगाट को हरियाणा की आदमपुर विधानसभा सीट से टिकट दी गई है।
हरियाणा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने नोक्षम चौधरी को भी अपनी टिकट दी है। चौधरी भाजपा की टिकट पर मेवात की पुनहाना सीट से चुनाव मैदान में है। कुछ समय पहले ही लंदन से आई चौधरी की मां आईएएस अधिकारी है जबकि उसके पिता सेवानिवृत जज हैं।
कुछ समय पहले ही भाजपा में शामिल हुई हरियाणा की डांसर सपना चौधरी को विधानसभा चुनाव के लिए टिकट नहीं मिली है। सपना ने कहा था कि वह हरियाणा में कहीं से भी चुनाव लड़ने के लिए तैयार है। भाजपा में शामिल होने से पहले यह चर्चा थी कि सपना कांग्रेस में शामिल हो रही है, लेकिन बाद में सपना भाजपा में शामिल हो गई थी।