चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा चुनाव की रैली के दौरान दिया बयान ‘मरी हुई चुहिया’ पर फंसे हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने अपनी सफाई में कहा कि कई बातें कहावत में स्पष्ट की जाती हैं। उन्होंने भी खोदा पहाड़ निकली चुहिया वाली कहावत सुनाई थी। बता दें कि इस बयान से कांग्रेस काफी भड़की हुई थी और मनोहर लाल को माफी भी मांगने को कहा था जिस पर मनोहर लाल द्वारा यह बयान दिया गया।
रविवार को एक चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा सोनिया गांधी को मरी हुई चुहिया कहा गया था। खट्टर ने कहा था कि लोकसभा चुनाव 2019 में करारी हार के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके 3 महीने बाद सोनिया गांधी को अध्यक्ष बताया गया। “खोदा पहाड़ निकली चुहिया, वो भी मरी हुई। यह उनकी स्थिति है।”
कांग्रेस नेता संजय निरुपम ने भी बयान में कहा कि खट्टर जी हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं। एक मुख्यमंत्री इतना नीचे गिर जाए यह देखकर घिन्न आती है। उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया जी के लिए उनकी भाषा सर्वथा आपत्तिजनक है। वह सम्मानित महिला हैं। उनसे वरिष्ठ हैं और मुख्य विपक्षी दल की प्रमुख हैं। अगर वह संस्कारवान हैं तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए।