नई दिल्ली: हरियाण विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एक बड़ा धक्का लगा है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर ने शनिवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि अशोक तंवर ने नाराज होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर बांटे जा रहे 5 करोड़ रुपए में टिकट बेचे जाने का आरोप भी लगाया था।
अशोक तंवर की काफी दिनों से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह से तनातनी चल रही थी जिसकी वजह से हाल में अशोक तंवर से प्रदेश की कमान छीनकर कुमारी शैलजा को दी गई है। हरियाणा में बीच चुनाव के बीच अशोक तंवर का इस्तीफा कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। तंवर ने त्यागपत्र में आरोप लगाया कि पार्टी को खत्म करने की साजिश रची जा रही है।
तंवर ने कहा कि उनके सामने पार्टी छोड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था और वह फिलहाल वह किसी अन्य पार्टी में शामिल होने की नहीं सोच रहे हैं। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी के करीबियों की राजनीतिक हत्या की जा रही है। हालांकि पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने से पहले उन्होंने ट्विटर पर पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने का ऐलान किया था। साथ ही कहा कि वो प्राथमिक सदस्य के तौर पर पार्टी के माध्यम से जनता की सेवा करते रहेंगे लेकिन अब उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया है।