नालागढ़ (सुरेन्द्र सिंह सोनी): औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में हिमुडा कॉलोनी के निवासियों ने मूलभूत सुविधाएं ना होने के चलते हिमुडा के अधिकारियों को घेर लिया और दुकानों की बोली लगाने से अधिकारियों को रोका।
बता दें कि नालागढ़ में एचआरटीसी वर्कशॉप के साथ बनी हिमुडा कॉलोनी में आज कमर्शियल दुकानों की बोली का आयोजन किया गया था जिसमें हिमुडा के अधिकारी भी मौजूद थे। वहीं मूलभूत सुविधाएं न होने के चलते हिमुडा कॉलोनी के निवासियों ने अधिकारियों को दुकानों की बोली लगाने से रोका और पहले लोगों को कॉलोनी में आ रही समस्याओं से निजात दिलाने को कहा।
सोसायटी के लोगों ने हिमुडा कॉलोनी के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि न तो उनकी कॉलोनी में सीवरेज की सही सुविधा है और न ही साफ-सफाई और कूड़ा कचरा उठाने की भी कोई सुविधा नहीं है। वही कॉलोनी में जगह-जगह सीवरेज के पानी से भरे हुए गड्ढे हैं जिसमें कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। सोसाइटी का आरोप है कि पिछले कई समय से अधिकारियों को लिखित तौर पर और फोन के जरिए सूचित किया गया था मगर आज तक कोई भी कार्रवाई नहीं की गई है।
लोगों का कहना है कि गंदगी के कारण वह अपने बच्चों को भी खेलने के लिए बाहर नहीं भेज सकते क्योंकि गंदगी के कारण बीमारियां लगने का खतरा भी बना रहता है। साथ ही कॉलोनी में आवारा जानवर भी घूमते रहते हैं। कुछ दिन पहले ही आवारा कुत्तों ने कॉलोनी के लोगों को भी काटा था जिसके बारे में भी कई बार हिमुडा के अधिकारियों को अवगत कराया गया था मगर आज दिन तक कोई भी समाधान नहीं निकाला गया। वहीं जब इस पूरे मामले पर हिमुडा के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सीवरेज की जो समस्या लोगों को आ रही है उसे जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।