हरियाणा डेस्क: सांसद राहुल गांधी की सदस्यता रद्द किए जाने से कांग्रेस में भारी रोष व्याप्त है. जहां पूरे प्रदेश में कांग्रेसियों द्वारा सत्याग्रह चलाया जा रहा है, वहीं पानीपत में भी कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता सविंधान चौंक पर एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया. इस दौरान कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया. सत्याग्रह वरिष्ठ कांग्रेसी नेता बरिंदर बुल्लेशाह के नेतृत्व में किया गया, जिसमें इंद्री विधानसभा से पूर्व विधायक भीमसेन मेहता, कांग्रेस महिला मोर्चा व युवा कांग्रेस कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित हुए.
लोकतंत्र को बचाने के लिए सत्याग्रह किया
सत्याग्रह में शामिल वरिष्ठ कांग्रेसी नेता ने राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने को लोकतंत्र के लिए खतरा बताया और सरकार पर साजिश रचने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए सत्याग्रह किया गया है. सत्याग्रह में पहुंचे इंद्री विधानसभा से पूर्व विधायक भीमसेन मेहता ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा की सफलता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. देश मे केवल राहुल गांधी ही सरकार की जनविरोधी गतिविधियों के खिलाफ बोलने वाला एकमात्र व्यक्ति है. मेहता ने कहा कि वे न्यायपालिका का सम्मान करते हैं लेकिन जो ये फैसला आया है उससे कांग्रेस कार्यकर्ता संतुष्ट नहीं है. सत्याग्रह में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता भी पहुंचे.
Read More Stories:Akanksha Dubey Suicide: 25 साल की भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने बनारस के एक होटल में की खुदकुशी
युवा कांग्रेसी नेता विपुल शह ने कहा कि जनता का ध्यान भटकाने के लिए सरकार इस तरह के फैसले ले रही है जो कि निंदनीय है. सत्याग्रह में प्रदेश प्रवक्ता ओमवीर पंवार, पूर्व मेयर सुरेश वर्मा, पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर सुभाष बठला, महिला मोर्चा की अध्यक्ष सिमरन गाबा, पूर्व महिला अध्यक्ष नीरजा बाहरी सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रही.