नई दिल्ली: 2 अक्टूबर को पूरे देश में मनाई गई राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती देश की अलग-अलग जेलों में बंद कई कैदियों के लिए खुशी लेकर आई।
बता दें कि 2 अक्टूबर को मनाई गई गांधी जयंती पर देश की कई जेलों से 611 कैदियों को रिहा कर दिया गया। कैदियों को रिहा करने से करीब दो सप्ताह पहले सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सूचित कर दिया गया था। इसके साथ ही यह भी कहा गया था कि रिहा होने वाले कैदियों को महात्मा गांधी के जीवन से संबंधित किताबें भी दी जाएं।
18 जुलाई 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में एक कैबिनेट मीटिंग हुई थी जिसमें देश की अलग-अलग जेलों में बंद कैदियों में से कुछ को रिहा करने का फैसला किया गया था। इसके बाद 2 अक्टूबर 2018 और 6 अप्रैल 2019 के बाद अब बीती 2 अक्टूबर को देश से कई कैदियों को रिहा किया गया है। 2 अक्टूबर 2018 को 919 कैदियों को रिहा किया गया था जिसके बाद 6 अप्रैल 2019 को 505 और अब 611 कैदियों को जेलों से रिहा किया गया है।