कोझिकोड: केरल में एक महिला ने 14 वर्षों के समय के दौरान अपने परिवार के 6 लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को अपने पति की हत्या के आरोप में इस महिला को गिरफ्तार किया था जिसने पति समेत पांच और हत्याएं करने का आरोप स्वीकार कर लिया। महिला ने एक ही ढंग से खाने में साइनाइड मिलाकर अपने परिवार के 6 लोगों की हत्या की थी। इस मामले में पुलिस ने महिला और उसके दो साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है।
बता दें कि यह मामला केरल के कोझिकोड जिले के कोडाथाई गांव का है जहां 47 वर्षीय जॉली जोसेफ नाम की एक महिला ने 14 वर्ष के समय के दौरान अपने पति, अपने सास-ससुर और परिवार से जुड़े हुए तीन अन्य सदस्यों की हत्या की है। महिला पर आरोप है कि उसने साल अपने 40 वर्षीय पति रॉय थॉमसन की हत्या की थी जिसे अब गिरफ्तार किया चुका है। महिला ने पांच अन्य लोगों की हत्या करने का आरोप भी स्वीकार किया है।
इस महिला ने अपने परिजनों की हत्या करने का यह खेल साल 2002 में शुरू किया था और सबसे पहले उसने उस समय 57 साल की अपनी सास अन्नामा पोनामट्टाम को खाने में जहर दे दिया था जिसके उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां उनकी मौत हो गई थी। इसके 6 साल बाद 2008 में पोनामट्टाम के 66 वर्षीय पति टॉम थॉमस की भी मौत हो गई। थॉमस के खाने में भी जहर मिलाया गया था। उस समय यह माना जा रहा था कि इन दोनों की मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई है।
इस महिला ने साल 2011 को अपने पति रॉय थॉमसन को खाने में जहर दे दिया था जिस कारण उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद महिला ने साल 2014 में अपनी सास के भाई 68 वर्षीय एम.एम. मैथ्यू को भी खाने में जहर दे दिया था जिससे उनकी मौत हो गई थी। इसके तीन महीने बाद महिला ने टॉम मैथ्यू के भतीजे शाजू की तीन वर्षीय बेटी एल्फिन को भी जहर दे दिया था जिससे वह कोमा में चली गई थी और बाद में उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद साल 2016 में महिला ने शाजू की पत्नी सिल्ली को भी जहर दे दिया था जिससे उसकी भी मौत हो गई थी। साल 2017 में इस हत्यारी महिला ने स्कूल अध्यापक शाजू के साथ शादी कर ली थी।
6 हत्याओं के मामले में पुलिस ने महिला के साथी 44 वर्षीय एम.एफ. मैथ्यू और 44 वर्षीय प्राजी कुमार को गिरफ्तार किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने महिला को जहर उपलब्ध करवाया था।