चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा चुनाव 2019 के बीच कांग्रेस को झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने नाराज होकर पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने विधानसभा चुनाव को लेकर बांटे जा रहे टिकटों की खरीद-बिक्री का आरोप लगाया है। बता दे कि काफी समय से अशोक तंवर और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बीच लगातार टकरार जारी थी वहीं अशोक तंवर से प्रदेश की कमान छीनकर कुमारी शैलजा को दे दी गई ।
तंवर ने हुड्डा पर तंज कसते हुए कहा था, ‘देश में लोकतंत्र है, लेकिन हरियाणा में बड़े-बड़े राजघराने हैं. कुछ हमारी पार्टी में हैं और कुछ लोग दूसरी पार्टी में हैं। मेरे खिलाफ असहयोग आंदोलन चलाया, लेकिन लोकसभा चुनाव में छह फीसदी वोट बढ़ा.’ उन्होंने यह भी दावा किया कि हरियाणा कांग्रेस अब ‘हुड्डा कांग्रेस’ बनती जा रही है।
उन्होंने दावा किया, ‘जिन्होंने पांच साल तक खून पसीना बहाया उनकी टिकट वितरण में अनदेखी कि गई है। जो कार्यकर्ता अच्छी स्थिति में थे वे गुटबाजी की भेंट चढ़ गए.’ टिकट वितरण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए तंवर ने यह भी कहा कि वह जरूरत पड़ने पर इसके सबूत सोनिया गांधी को सौंपेंगे। आपको बता दें कि राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए 21 अक्टूबर को मतदान और 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।