बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर से प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जहां कंप्यूटर शिक्षण के लिए आई एक 21 वर्षीय लड़की ने अपने तथाकथित युवक मित्र से कहासुनी के बाद गोविंद सागर झील में छलांग लगा दी।
युवती को डूबता देख युवक और आसपास के लोगों ने शोर मचाया जिसके बाद मौके पर मौजूद रेस्क्यू टीम ने झील में कूदकर लड़की की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार युवती कुल्लू जिले की रहने वाली है जो बिलासपुर शहर में कंप्यूटर की शिक्षा ले रही है। इस लड़की का रिश्ता किसी लड़के के साथ परिवार वालों ने तय कर दिया है, लेकिन जिसके साथ उसका रिश्ता तय किया है, उसे उसका किसी के साथ प्रेम संबंध होने का संदेह था। इसी संदेह को दूर करने के लिए युवती ने अपने उस दोस्त को गोविंदसागर झील के किनारे पर बुलाया था ताकि वह अपने मंगेतर की बात उससे करवा सके लेकिन इसी बीच दोनों में विवाद हो गया। गुस्से में आकर लड़की ने झील में छलांग लगा दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।